logo

राहुल गांधी का गुजरात प्लान : कांग्रेस नेताओं के लिए ट्रेनिंग और अब टेस्ट की बारी

rahul_gandhi0321.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
राहुल गांधी इन दिनों लगातार गुजरात पर फोकस कर रहे हैं। बीते सात महीनों में वे पांच बार राज्य का दौरा कर चुके हैं और अब 18 सितंबर को एक बार फिर गुजरात आने वाले हैं। असल में, यहां कांग्रेस के शहर और जिला अध्यक्षों के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर चल रहा है। इस कैंप का उद्घाटन कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने किया था, जिसके बाद राहुल गांधी ने पार्टी पदाधिकारियों को बीजेपी को सत्ता से बाहर करने की रणनीति समझाई।
जूनागढ़ में आयोजित हालिया सत्र में राहुल गांधी ने चार घंटे तक पदाधिकारियों से संवाद किया। सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने साफ कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव जीतने के लिए नेताओं को आपसी मतभेद छोड़कर एकजुट होना होगा और कांग्रेस की विचारधारा को हर स्तर तक ले जाना होगा।


ट्रेनिंग से टेस्ट तक
राहुल गांधी ने शहर और जिला कांग्रेस अध्यक्षों को होमवर्क भी दिया है। उन्होंने कहा है कि अगली मुलाकात में संगठन से जुड़े पांच अहम सवाल पूछे जाएंगे, जिनका जवाब देना होगा। यानी इस बार संवाद के बाद अगली बारी टेस्ट की है।
राहुल गांधी का जोर बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर रहा। उन्होंने कहा कि अगर हर बूथ पर कांग्रेस का ढांचा दुरुस्त हो जाए, तो चुनाव जीतना आसान हो जाएगा। उनका कहना था कि बीजेपी ने भी गुजरात से लेकर पूरे देश में यही रणनीति अपनाई और सफलता हासिल की।
राजनीतिक फिटनेस के साथ शारीरिक फिटनेस
राहुल गांधी ने नेताओं से कहा कि राजनीति में जितना जरूरी मानसिक मजबूती है, उतना ही जरूरी शारीरिक फिटनेस भी है। खुद की तरह कार्यकर्ताओं को भी चुस्त-दुरुस्त रहने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि वो आइकिडो मार्शल आर्ट में ब्लैक बेल्ट धारक हैं और कैंप के दौरान सेल्फ डिफेंस के कुछ गुर भी पदाधिकारियों को सिखाए।


गुजरात यात्रा का ऐलान
राहुल गांधी ने कांग्रेस नेताओं को भरोसा दिलाया कि वे जल्द ही गुजरात यात्रा पर निकलेंगे। इस यात्रा में हर विधानसभा क्षेत्र को कवर किया जाएगा। रोडमैप अगले महीने तक तय हो जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि यात्रा के दौरान वे जिलाध्यक्षों के घर पर भोजन करेंगे और उनके साथ अधिकतम समय बिताएंगे। राहुल गांधी का मकसद साफ है, कांग्रेस को गुजरात में फिर से खड़ा करना और कार्यकर्ताओं को इस लड़ाई के लिए पूरी तरह तैयार करना।

Tags - Nationa। News Nationa। News Update Nationa। News।ive